|
|
एक साथ 2100 लोगों ने सरयू आरती कर रचा इतिहास।
संवाद सूत्र, अयोध्या। सरयू आरती का पिछले साल बना कीर्तिमान शनिवार को टूट गया। इस बार सरयू तट पर महिलाओं, संस्कृत के विद्यार्थियों एवं वंचित समाज के लोगों ने एक साथ मां सरयू की आरती की, जिनकी संख्या 2100 रही। यह अलौकिक दृश्य दर्शनीय तो था ही अयोध्या की दिव्यता का भी भान करा रहा था। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मोक्षदायिनी मां सरयू की गत वर्ष 1151 लोगों ने सामूहिक रूप से आरती कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम अंकित कराया था। इस बार पिछला रिकॉर्ड तोड़ कर 2100 का आंकड़ा पार करने का लक्ष्य रखा गया था। वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज करने वाली टीम के सदस्य ड्रोन कैमरे के साथ उपस्थित रहे।
सरयू तट पर इस आरती का आयोजन जिला प्रशासन एवं नगर निगम के सहयोग से वशिष्ठ फाउंडेशन ने किया। इस दौरान महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी अनिरुद्ध सिंह, नगर निगम के अधिकारी, धर्मगुरु एवं संभ्रांत जन मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर भी पहुंचे।
शनिवार शाम संपन्न हुए इस आयोजन में वशिष्ठ फाउंडेशन की सचिव राजलक्ष्मी तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने बताया कि व्यवस्था की दृष्टि से आरती स्थल को 11 जोन में विभाजित किया गया था। नयाघाट से लक्ष्मण घाट की ओर विस्तारित आरती स्थल के प्रत्येक जोन में 200 प्रतिभागियों के आरती करने की व्यवस्था की गई थी।
सरयू आरती में अयोध्या के सामाजिक संगठनों से जुड़ी महिलाएं, संस्कृत के विद्यार्थी और वंचित समाज के प्रतिनिधि शामिल थे। रविवार को दीपोत्सव के दौरान भी सरयू आरती की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अयोध्या में आज बनेगा वर्ल्ड रिकॉर्ड, 29 लाख दीयों से जगमग होगी रामनगरी; भव्य अंदाज में सजा राम मंदिर |
|