|
|
जींद से कुरुक्षेत्र रूट पर चलने वाली दो ट्रेनों के समय में हुआ बदलाव
जागरण संवाददाता, जींद। उदयपुर- चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होने से रेलवे की ओर से जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर चलने वाली दो ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है।
जींद से कुरुक्षेत्र अल सुबह चार बजकर दस मिनट पर चलने वाली ट्रेन नंबर 54038 छह अक्टूबर से सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना होगी, जो बरसोला, उचाना, घसो, नरवाना, गुरथली, कलायत, सुजूमा, कुतुबपुर, कैथल, ग्योंग, टीक, पिहोवा, पिंडारसी व थानेसर के रास्ते सुबह आठ बजकर 50 मिनट पर कुरुक्षेत्र जंक्शन पर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 54037 कुरुक्षेत्र से अब नौ बजकर 20 मिनट पर चलेगी, जो दोपहर 12 बजकर 10 मिनट पर जींद जंक्शन पहुंचेगी। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
वहीं पहले ट्रेन नंबर 54038 जींद से सुबह चार बजकर दस मिनट पर चलकर तीन घंटे के बाद सात बजकर 20 मिनट पर कुरुक्षेत्र पहुंचती थी। वहीं वापसी में पहले ट्रेन पौने आठ बजे कुरुक्षेत्र से चलकर 11 बजकर 20 मिनट पर जींद पहुंचती थी। इस प्रकार इन ट्रेनों के समय में लगभग एक घंटा का बदलाव किया गया है। अब जींद- कुरुक्षेत्र रूट पर यह ट्रेन पहले की अपेक्षा एक घंटा देरी से रवाना होगी, तो एक घंटा लेट भी पहुंचेगी।
जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर इन ट्रेनों के समय में बदलाव का कारण उदयपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन के चलते किया गया है। जींद से कुरुक्षेत्र रूट पर हर रोज बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, जिसमें विद्यार्थी भी शामिल हैं, जो कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। विद्यार्थी साप्ताहिक अवकाश पर कुरुक्षेत्र से जींद या जींद से कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर जाते हैं।
ट्रेन के समय में बदलाव होने पर अल सुबह जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है। पहले जब ट्रेन सुबह चार बजकर दस मिनट पर जींद से कुरुक्षेत्र के लिए चलती थी तो अल सुबह ज्यादातर यात्रियों को ट्रेन पकड़ने के लिए स्वजनों के साथ निजी वाहन जैसे बाइक, स्कूटी या कार में आना पड़ता था। कई यात्री ऐसे थे, जो आटो या ई रिक्शा में आते थे। उन्हें दिक्कत होती थी। क्योंकि अल सुबह अकसर आटो नहीं मिलते।अब जींद से कुरुक्षेत्र के लिए सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर ट्रेन चलेगी। ऐसे में यात्रियों को आटो व ई रिक्शा मिलने की संभावना रहेगी और उन्हें अपने निजी वाहनों में स्टेशन तक आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जयप्रकाश, यातायात निरीक्षक, रेलवे जंक्शन जींद ने बताया कि जींद से कुरुक्षेत्र रूट पर चलने वाली ट्रेन नंबर 54037-38 के समय में बदलाव हुआ है। अब सुबह चार बजकर दस मिनट पर चलने वाली ट्रेन जींद से सुबह पांच बजकर 25 मिनट पर रवाना होगी। इसी प्रकार वापसी में भी ट्रेन एक घंटा लेट चलेगी। उदयपुर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन शुरू होने के कारण जींद-कुरुक्षेत्र रूट पर ट्रेन के समय में बदलाव किया गया है। ट्रेन के समय में बदलाव होने से अब यात्री को घर से ज्यादा जल्दी ट्रेन पकड़ने के लिए नहीं चलना पड़ेगा। |
|